Sat, Oct 31, 2026
🔍 ▶️
बॉलीवुड

आमिर खान के लग्जरी घर पर चलेगा बुलडोजर, जानिए आखिर क्या है इसके पीछे की वजह?

एंटरटेनमेंट डेस्क. मिस्टर परफेक्शनिस्ट के नाम से मशहूर आमिर खान (Superstar Aamir Khan) का मुंबई का पाली हिल स्थित लैविश अपार्टमेंट टूटने जा रहा है। कम से कम रिपोर्ट तो इसी ओर इशारा कर रही हैं। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आमिर खान ने खुद अपने घर को तुड़वाने का फैसला लिया है, ताकि के वे इसका रीडेवलपमेंट करवा सकें। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से लिखा गया है कि आमिर खान ने अपने घर के रीडेवलपमेंट के लिए एटमॉसफेयर रियलिटी नाम की फर्म को हायर किया है। सुपरस्टार अपने इस प्रोजेक्ट में काफी दिलचस्पी ले रहे हैं।

फिलहाल चेन्नई शिफ्ट होने की तैयारी में आमिर खान

इस बीच मीडिया में यह चर्चा में तेजी से फ़ैल रही है कि आमिर खान चेन्नई शिफ्ट होने की प्लानिंग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि उनकी मां जीनत हुसैन की तबियत ठीक नहीं चल रही। इसलिए वे कुछ सप्ताह के लिए चेन्नई जाएंगे। चेन्नई के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में जीनत हुसैन का इलाज कराया जाएगा। वहीं, आमिर अस्पताल के नजदीक ही किसी होटल में रहेंगे। हालांकि, इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि खुद आमिर खान या उनके करीबियों द्वारा नहीं की गई है।

दो बार शादी कर चुके आमिर खान

आमिर खान की पर्सनल लाइफ की बात करें तो वे दो बार शादी कर चुके हैं और दोनों बार उनका तलाक भी हो चुका है। उनकी पहली शादी 18 अप्रैल 1986 को रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद खान और आयरा खान हैं। 16 साल तक आमिर ने यह शादी निभाई और फिर 2002 में उन्होंने रीना को तलाक दे दिया। 2005 में आमिर की दूसरी शादी किरण राव से हुई। दोनों का एक बेटा है आजाद राव खान। 2021 में आमिर और किरण अलग हो गए। फिलहाल आमिर सिंगल हैं। हालांकि, इंटरनेट पर कई यूजर्स उनका नाम ‘दंगल’ में उनकी बेटी के रोल में नजर आईं फातिमा सना शेख से जोड़ते रहते हैं।

आमिर खान की अपकमिंग फिल्म

वर्क फ्रंट की बात करें तो आमिर खान को पिछली बार बतौर लीड हीरो ‘लाल सिंह चड्ढा’ में देखा गया था, जो डिजास्टर साबित हुई थी। आमिर खान ने प्रोड्यूसर के तौर पर अपनी अगली फिल्म ‘लाहौर 1947’ का ऐलान हाल ही में किया है, जिसमें सनी देओल मुख्य भूमिका निभाएंगे और राजकुमार संतोषी इसे डायरेक्ट करेंगे। फिल्म 2024 में रिलीज हो सकती है।

NewsZebra
NewsZebra
Editor

NewsZebra is a digital entertainment news platform delivering the latest Bollywood and entertainment news with a commitment to accuracy, fairness, and reader trust.