Tue, Oct 27, 2026
🔍 ▶️
Videos

6 हेलीकॉप्टर ख़रीद लाया पंजाब का ‘कबाड़ वाला’, शहर पहुंचा तो देखने वालों का लग गया तांता

मशीनें अक्सर इंसानों को अपनी तरफ आकर्षित करती हैं.

कभी जेसीबी और क्रेन को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग जाती है तो कभी कबाड़ हो चुके हेलिकॉप्टर के साथ लोग सेल्फी लेना शुरू कर देते हैं. जी हां, पंजाब के मानसा में कबाड़ हो चुके हेलिकॉप्टर देखने और उसके साथ फोटो खिंचवाने के लिए लोगों की भीड़ लग रही है.

helicopter
पंजाब, मानसा के रहने वाले जाने माने कबाड़ी मिट्ठू कबाड़ी के बेटे डिंपल अरोड़ा ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सरसावा एयरबेस स्टेशन से एयरफोर्स के छह हेलीकाप्टर खरीदे हैं. इन हेलिकॉप्टर्स का मूल्य 72 लाख रुपये है तथा प्रति हेलिकॉप्टर इनका भार 10 टन है. इन हेलिकॉप्टर्स को ऑनलाइन बोली के माध्यम से खरीदा गया है. खरीदने के साथ ही इनमें से तीन हेलिकॉप्टर बिक गए तथा बाकी के तीन हेलिकॉप्टर्स को डिंपल सोमवार शाम को मानसा ले आए. हेलिकॉप्टर्स के मानसा पहुंचते ही इसे देखने वालों की भीड़ जमा हो गई. अब लोग इनके साथ सेल्फी ले रहे हैं.

helicopter
कबाड़ हेलिकॉप्टर खरीदने वाले डिंपल का कहना है कि कबाड़ी का ये काम उनके पिता मिट्ठू ने साल 1988 में शुरू किया था. समय के साथ उनका काम इतना बढ़ गया है कि आज के समय में उनकी 6 एकड़ जमीन पर कबाड़ रखा हुआ है. डिंपल केवल अपने क्षेत्र मानसा या अपने राज्य पंजाब से ही नहीं बल्कि देश के अलग अलग हिस्सों से भी कबाड़ खरीदने का काम करते हैं. डिंपल को इन कबाड़ हो चुके हेलिकॉप्टर्स के बारे में तब पता चला जब तीन महीने पहले वह कबाड़ खरीदने के लिए आनलाइन सर्च कर रहे थे. इसी दौरान इन्हें एयरफोर्स में होने वाली काबड़ की बोली के बारे में पता चला. इन्हें जानकारी मिली कि यहां छह हेलीकाप्टरों की नीलामी होने वाली है.

ऐसे में उन्होंने इन हेलीकाप्टरों को 12 लाख प्रति हेलिकॉप्टर के दाम से 72 लाख में खरीद लिया. तीन हेलिकॉप्टर तो खरीदने के कुछ समय बाद ही बिक गए. बकियों को डिंपल मानसा लाने वाले थे लेकिन लाकडाउन के चलते इन्हें लाने में देरी हो गई. अब बीते सोमवार की शाम इन तीनों हेलिकॉप्टर्स को ट्राले पर लाद कर मानसा लाया गया. सरसावा से मानसा लाने के लिए डिंपल को किराए के रूप में हर एक हेलिकॉप्टर के लिए 75 हजार रुपये चुकाने पड़े. अब इन हेलिकॉप्टर्स को देखने के लिए लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं. अपनी यादगारी के लिए लोग अपने बच्चों के साथ हेलीकाप्टर के पास खड़े हो कर फोटो व सेल्फी ले रहे हैं.

helicopter
6 में से तीन हेलिकॉप्टर देखते ही देखते बिक गए थे. डिंपल अरोड़ा के अनुसार एक हेलिकॉप्टर को लुधियाना रोड पर स्थित एक रिजार्ट मालिक ने खरीद लिया. जबकि दूसरा हेलिकॉप्टर चंडीगढ़ के एक व्यक्ति ने माॅडल के रूप में सजाने के लिए खरीदा है तथा तीसरा हेलिकॉप्टर मुंबई के एक फिल्म निर्माता ने खरीद लिया है.

Source.

NewsZebra
NewsZebra
Editor

NewsZebra is a digital entertainment news platform delivering the latest Bollywood and entertainment news with a commitment to accuracy, fairness, and reader trust.