Mon, Nov 2, 2026
🔍 ▶️
बॉलीवुड

Shoaib Malik and Sania Mirza: तो क्या सानिया ने छोड़ दिया शोएब को… पिता ने कहा- ये तलाक नहीं, खुला था

पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक ने फिर से शादी कर ली है. शोएब ने पाकिस्तानी अभिनेत्री सना जावेद को अपना नया जीवनसाथी चुना है. शोएब मलिक ने निकाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं. शोएब-सना ने एक निजी समारोह में निकाह किया. सानिया मिर्जा और उनके पति शोएब मलिक के बीच पिछले कुछ दिनों से तलाक को लेकर कई अफवाहें सामने आई थीं.

अब शोएब मलिक की तीसरी शादी से अफवाहों पर विराम लग गया है. शोएब मलिक की तीसरी शादी पर सानिया मिर्जा के पिता का रिएक्शन सामने आया है. सानिया के पिता इमरान मिर्जा ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि यह एक ‘खुला’ था.’ इमरान मिर्जा का ये रिएक्शन वायरल हो रहा है.

तलाक और खुला में ज्यादा अंतर नहीं है. अलग होने का फैसला जब औरत लेती है तो उसे खुला कहते हैं. यही फैसला जब मर्द की तरफ से आए तो उसे तलाक कहते हैं. तलाक के बाद भी लगातार तीन महीनों तक औरत शौहर के घर में रहती है. कुरान और हदीस में भी इसका जिक्र है. सानिया के पिता के बयान से साफ है कि सानिया की ओर से ही अलग होने का फैसला लिया गया था.

सानिया मिर्जा और शोएब मलिक पिछले कुछ महीनों से एक दूसरे के साथ में नहीं दिखे थे. इस वजह से कई बार उनकी रिलेशनश‍िप को लेकर अफवाहें सामने आई थीं. शोएब और सानिया का पांच साल का एक बेटा भी है जो सानिया के साथ रहता है. शोएब ने सोशल मीडिया पर अपनी नई पत्नी के साथ तस्वीरें डाली हैं.

shoaib
शोएब मलिक और सना जावेद (क्रेडिट: इंस्टाग्राम)

शोएब मलिक और सानिया की शादी 12 अप्रैल 2010 को एक पारंपरिक समारोह में हुई थी. यह विवाह हैदराबाद में हुआ था. शादी के 8 साल बाद यानी 2018 में उनके बेटे इजहान मिर्जा मलिक का जन्म हुआ था. शोएब अब भी प्रोफेशनल क्रिकेट में एक्टिव हैं, वहीं सानिया ने पिछले साल टेनिस से संन्यास ले लिया था.

सानिया मिर्जा ग्रैंड डबल्स में छह बार चैम्पियन रह चुकी हैं. सानिया ने डबल्स में जो छह ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं, उसमें तीन मिक्स्ड डबल्स और इतने ही वूमेन्स डबल्स खिताब शामिल रहे. उन्होंने अपना आखिरी ग्रैंड स्लैम 2016 में ऑस्ट्रेलियन ओपन का महिला डबल्स खिताब जीतकर हासिल किया था.

कौन हैं सना जावेद?

शोएब मलिक की दुल्हनिया सना जावेद का शुमार पाकिस्तान की मशहूर अभिनेत्रियों में होता है. सना जावेद ने 2012 में सीरील शहर-इ-जात के जरिए पर्दे पर डेब्यू किया. बाद में वह कई सीरियल्स में नजर आईं.  टेलीविजन सीरीज ‘खानी’ में लीड रोल निभाने के बाद सना को पहचान मिली. सना जावेद को सामाजिक नाटक रुसवाई और डंक के लिए प्रशंसा मिल चुकी है. इसके अलावा वो कई म्यूजिक वीडियो में भी दिख चुकी हैं.

 

NewsZebra
NewsZebra
Editor

NewsZebra is a digital entertainment news platform delivering the latest Bollywood and entertainment news with a commitment to accuracy, fairness, and reader trust.