Wed, Oct 28, 2026
🔍 ▶️
बॉलीवुड

Mumtaj Love Story: 20 साल बड़े शख्स पर दिल लुटा बैठी थीं मुमताज, बस इस शर्त की वजह से परवान नहीं चढ़ा इश्क

Mumtaj Unknown Facts: गोरा-गोरा मुखड़ा… बड़ी-बड़ी आंखें… और कातिलाना अदाएं… इन सभी चीजों का जिक्र हो तो मुमताज का नाम जेहन में आना लाजिमी है. अपनी अदाकारी से लोगों का दिल जीतने वाली मुमताज ने एक जमाने में खुद से 20 साल बड़े शख्स पर अपना दिल लुटा दिया था. हालांकि, सिर्फ एक शर्त ने उनकी कहानी को अधूरा छोड़ दिया. आइए आपको उनकी इस अधूरी लव स्टोरी से रूबरू कराते हैं.

सितारे भी हार बैठे थे दिल

अपनी शर्मीली अदाओं, चुलबुलेपन और नटखट अंदाज से हर किसी को अपना मुरीद बनाने वाली मुमताज की सुंदरता के कायल सिर्फ दर्शक ही नहीं थे, बल्कि कई दिग्गज सितारे भी अपना दिल हार बैठे थे. ऐसे ही एक सितारे थे शम्मी कपूर, जो मुमताज से बेइंतहा मोहब्बत करते थे. वहीं, मुमताज भी अरसे से उनकी दीवानी थीं. इतनी बेपनाह मोहब्बत के बावजूद उनका प्यार परवान क्यों नहीं चढ़ पाया, आइए जानते हैं.

यूं बयां की थी मोहब्बत

 

‘आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे’ गाने में जब शम्मी कपूर और मुमताज डांस बीट्स पर थिरके थे, तब उन्होंने दर्शकों का दिल चुरा लिया था. कहने को इस फिल्म का नाम ‘ब्रह्मचारी’ था, लेकिन इसी फिल्म में मुमताज की खूबसूरती पर शम्मी कपूर फिदा हो गए थे. उन्होंने शूटिंग के दौरान ही मुमताज को अपने दिल की बात बता दी थी तो मुमताज ने भी उन्हें बता दिया था कि शम्मी कपूर ही उनके पहले क्रश थे. बॉलीवुड के गलियारों में दोनों की मोहब्बत के अफसाने चहलकदमी करने लगे तो उनकी उम्र के अंतर की चर्चा होने लगी. दरअसल, शम्मी कपूर और मुमताज की उम्र में 20 साल का अंतर था, लेकिन मोहब्बत ने इस फासले को दरकिनार कर दिया था.

इस शर्त ने तोड़ दिया मुमताज का दिल

कई साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद शम्मी कपूर ने मुमताज को प्रपोज कर दिया. हालांकि, उन्होंने एक ऐसी शर्त रख दी, जिसने मुमताज का दिल चकनाचूर कर दिया. दरअसल, शम्मी कपूर ने कहा था कि शादी के बाद मुमताज फिल्मों में काम नहीं करेंगी. उस वक्त मुमताज महज 17 साल की थीं और वह अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रही थीं. शम्मी कपूर की शर्त सुनकर मुमताज सन्न रह गईं और उन्होंने शादी करने से इनकार कर दिया. इसके बाद शम्मी कपूर ने नीला देवी से शादी कर ली, जबकि साल 1974 में मुमताज ने मयूर मधवानी को अपना हमसफर बना लिया.

Abdul Razik
Abdul Razik
Editor

Abdul Razik is an entertainment writer at News Zebra, covering Bollywood and the wider entertainment world with a focus on accurate, engaging storytelling.