Thu, Oct 29, 2026
🔍 ▶️
Sports

इन तीन खिलाड़ियों को बाहर निकालना CSK को पड़ रहा महंगा, नम्बर 1 था खरा सोना

आईपीएल 2022 बेहद धमाकेदार अंदाज में भारत में खेला जा रहा है. इस साल का आईपीएल काफी अलग भी है क्योंकि लीग की दो सबसे मजबूत और चैंपियन टीमें अब प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए भी संघर्ष कर रही हैं. जी हां, हम बात कर रहे हैं 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडिंयंस और 4 बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स के बारे में. इन दोनों ही टीमों ने ऑक्शन में ही कुछ ऐसी गलतियां कर दी थीं जिसकी भरपाई टीम अबतक नहीं कर पाई हैं. खासकर सीएसके ने अपने कई चैंपियन खिलाड़ियों को ऑक्शन से पहले ही खो दिया.

फाफ डु प्लेसिस
इस साल साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस रॉयल चैलेंजर्स बैगंलोर की अगुवाई कर रहे हैं. पिछले साल तक दाएं हाथ का यह बल्लेबाज़ चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा था और उन्होंने सीएसके के लिए ओपनिंग करते हुए पूरे सीज़न में 633 रन बनाए थे. इस स्टार बल्लेबाज़ ने आईपीएल 2021 के फाइनल में 86 रनों की पारी खेली थी, जिसके दम पर टीम ने खिताब अपने नाम दर्ज किया था.

डु प्लेसिस ने साल 2012 में आईपीएल डेब्यू किया था, जिसके बाद से उन्होंने 100 से ज्यादा मैच धोनी की कप्तानी में खेले. हालांकि इस साल सीएसके की फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें मेगा ऑक्शन के दौरान नहीं खरीदा जो कि अब इस फ्रेंचाइज़ी की एक बड़ी गलती साबित हो रही है. बता दें कि फाफ ने इस साल आरसीबी की कप्तानी करते हुए 7 मैचों में 132 के स्ट्राइकरेट से 250 रन बना लिए हैं, जिसके दम पर वह इस साल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे पायदान पर काबिज हैं.

जोश हेजलवुड
इस साल जोश हेजलवुड रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम का हिस्सा हैं और शानदार लय में नज़र आ रहे हैं. मेगा ऑक्शन के दौरान इस ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ पर आरसीबी की टीम ने 7.75 करोड़ रुपये का दांव खेला था, जिसके बाद अब उन्हें मेगा ऑक्शन के दौरान किए अपने बेहतरीन काम का फल मिल रहा है.

सीएसके के लिए जोश हेजलवुड ने पिछले साल काफी किफायती गेंदबाज़ी करते हुए 9 मुकाबलों में 11 विकेट चटकाएं थे. वहीं इस साल हेजलवुड तीन मैचों में 7.16 की औसत से 8 विकेट हासिल कर चुके हैं. ऐसे में अब यह कहना बिल्कुल भी गलत नहीं होगा कि जोश हेजलवुड पर मेगा ऑक्शन के दौरान दांव ना खेलना सीएसके को काफी खल रहा होगा.

शार्दुल ठाकुर
साल 2021 में सीएसके की टीम चैंपयिन रही थी जिसमें शार्दुल ठाकुर ने भी अहम योगदान निभाया था. यही वजह थी इस साल मेगा ऑक्शन के दौरान शार्दुल ठाकुर के लिए बिडिंग वॉर देखने को मिली.

इस साल शार्दुल ठाकुर दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं और अपने हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर जलवे बिखेर रहे हैं. शार्दुल अब तक चार विकेट चटका चुके हैं, वहीं उन्होंने अपने बल्ले से भी योगदान करते हुए 195 के स्ट्राइकरेट से 70 रन बनाए हैं.

NewsZebra
NewsZebra
Editor

NewsZebra is a digital entertainment news platform delivering the latest Bollywood and entertainment news with a commitment to accuracy, fairness, and reader trust.