Sat, Oct 24, 2026
🔍 ▶️
Sports

इस भारतीय क्रिकेटर को मिली डबल खुशी, सुबह पिता बने तो दोपहर में धोनी की टीम ने कर दी पैसों की बरसात

भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे के लिए 13 फरवरी का दिन बेहद खास बन गया है. 13 फरवरी को वो पिता बन गए हैं. उनकी पत्नी ने बेटे को जन्म दिया है. वहीं दूसरी तरफ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के नीलामी के दूसरे दिन उन पर बड़ी बोली लगी. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने शिवम दुबे को 4 करोड़ रुपए में खरीदा. उनका बेस प्राइस 50 लाख था.

आईपीएल 2021 में दुबे को राजस्थान रॉयल्स ने 4.40 करोड़ रुपए में खरीदा था और उनका बेस प्राइस 50 लाख रुपए था. 25 साल के दुबे भारतीय घरेलू क्रिकेट में मुंबई का प्रतिनिधित्व करते हैं. माना जाता है कि वो टीम इंडिया में एक ऑलराउंडर की अहम भूमिका निभा सकते हैं.

पिछले साल की थी गर्लफ्रेंड से शादी
शिवम ने पिछले साल मुंबई में अपनी गर्लफ्रेंड अंजुम खान से शादी की थी. रविवार को अंजुम ने बेटे को जन्म दिया है. शिवम ने अपनी पत्नी और बच्चे की तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर कर लिखा, ‘एक खुशियों का गुच्छा हमारे घर आया है। बेटे के रूप में हमें आशीर्वाद मिला.’ शिवम के इस फोटो को चेन्नई सुपर किंग्स ने भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है.

देश के लिए अब तक 13 टी-20 मैच खेले
शिवम अब तक 1 वन-डे और 13 टी-20 मैच में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. उन्होंने अब तक खेले 13 टी-20 मैचों में 17.50 की औसत से 105 रन बनाए हैं. शिवम के IPL में प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 24 मुकाबले खेले हैं और उनके बल्ले से 399 रन निकले हैं. उनका स्ट्राइक रेट 120.5 का है. इस दौरान उनके बल्ले से 24 चौके और 22 छक्के निकले हैं. 24 मुकाबलों में इस खिलाड़ी के खाते में 4 विकेट भी आए हैं.

NewsZebra
NewsZebra
Editor

NewsZebra is a digital entertainment news platform delivering the latest Bollywood and entertainment news with a commitment to accuracy, fairness, and reader trust.