Sat, Oct 24, 2026
🔍 ▶️
Sports

टीम इंडिया को बड़ा झटका, ईशान किशन के सिर पर लगी तेज रफ्तार गेंद, अस्‍पताल में कराया गया भर्ती

ईशान किशन श्रीलंका के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए दूसरे टी20 मैच में फ्लॉप रहे. इस मैच में उनके सिर पर लाहिरू कुमार की तेज बाउंसर भी लग गई, जिसने हर किसी को चिंता में डाल दिया. हालांकि तेज बाउंसर लगने के बाद उन्‍होंने बल्‍लेबाजी की, मगर खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा दिया. इसके बाद ईशान किशन को अस्‍पताल ले जाया गया है. जहां उन्‍हें पहले अस्‍पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि उनका तीसरे मैच में खेलना मुश्किल है.

दैनिक जागरण की एक खबर के अनुसार सिर पर गेंद लगने के बाद ईशान को कांगड़ा के एक अस्‍पताल में भर्ती कराया गया. स्‍कैन होने के बाद अब उन्‍हें एहतियात के तौर पर नॉर्मल वार्ड में भर्ती कराया गया है. दरअसल 3.2 ओवर में लाहिरू ने 146 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से एक तेज बाउंसर फेंकी. जो ईशान के सिर पर लगी. गेंद लगने के बाद वो हेलमेट उतारकर वही बैठ गए थे.

गेंद लगने के बावजूद की बल्‍लेबाजी
फिजियो ने मैदान पर उनकी जांच की और फिर इसके बाद ईशान बल्‍लेबाजी के लिए तैयार हो गए. हालांकि वो अपनी पारी को ज्‍यादा आगे नहीं बढ़ा पाए और छठे ओवर की पहली ही गेंद पर लाहिरू ने उन्‍हें आउट कर दिया. उन्‍होंने 15 गेंदों में 16 रन बनाए.

लाहिरू की गेंद पर शनाका ने मिड ऑन पर उनका आसान सा कैच लपका. दूसरे टी20 मैच में भारत ने 7 विकेट से जीत दर्ज की. श्रीलंका ने भारत ने 184 रन का लक्ष्‍य दिया था, जिसे रोहित शर्मा की टीम ने 17 गेंद पहले ही 3 विकेट के नुकसान पर 186 रन बनाकर हासिल कर लिया. श्रेयस अय्यर ने 44 गेंदों पर 74 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली. इस जीत के साथ भारत ने 3 मैचों की सीरीज भी अपने नाम कर ली है.

NewsZebra
NewsZebra
Editor

NewsZebra is a digital entertainment news platform delivering the latest Bollywood and entertainment news with a commitment to accuracy, fairness, and reader trust.