Mon, Oct 26, 2026
🔍 ▶️
Sports

टूटने से बचा युवराज सिंह का 7 साल पुराना रिकॉर्ड, ईशान किशन पर हुई पैसों की बारिश, बने सबसे महंगे भारतीय

टीम इंडिया के लिए पदार्पण कर चुके 23 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन का साथ मुंबई इंडियन्स ने नीलामी से पहले छोड़ दिया था. चार साल पहले साल 2018 में 5.5 करोड़ रुपये की कीमत पर मुंबई ने ईशान को अपनी टीम में जगह दी थी. ऐसे में टीम इंडिया के उभरते स्टार को मुंबई इंडियन्स ने 15.25 करोड़ रुपये खर्च करके एक बार फिर टीम में शामिल किया है. ईशान 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइज के साथ नीलामी में उतरे थे. वो युवराज सिंह (16 करोड़) के बाद आईपीएल नीलामी में सबसे बड़ी राशि में नीलाम होने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. वो अपने बेस प्राइज की लगभग आठ गुना कीमत हासिल करने में सफल रहे.

गुजरात लॉयन्स के साथ की थी आईपीएल करियर की शुरुआत
ईशान किशन के आईपीएल करियर की शुरुआत साल 2016 में गुजरात लॉयन्स के साथ हुई थी. गुजरात ने उन्हें 35 लाख रुपये की कीमत में उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था. अंडर-19 टीम के कप्तान रहे ईशान पहले सीजन में खेले 5 मैच की 5 पारी में कुल 42 रन बना सके थे. 2017 में उनके प्रदर्शन में थोड़ा सुधार हुआ और वो 11 मैच में 277 रन बनाने में सफल हुए.

5.5 करोड़ में मुंबई ने अपनी टीम में किया था शामिल
साल 2018 में हुई नीलामी में मुंबई इंडियन्स ने ईशान को 5.5 करोड़ रुपये खर्च करके अपनी टीम में शामिल किया था. 2018 में मुंबई के लिए खेले 14 मैच में उन्होंने 27.7 की औसत से 277 रन बनाए. लेकिन 2019 में उन्हें केवल 7 मैच खेलने का मौका मिला जिसमें वो 16.83 के सामान्य औसत से 101 रन बना सके.

2020 में रहे मुंबई के सबसे सफल बल्लेबाज
कोरोना संकट के बीच साल 2020 ईशान के लिए करियर बदलने वाला साबित हुआ. यूएई में आयोजित सीजन में टीम के लिए सबसे सफल बल्लेबाज बनकर उभरे, उन्होंने 57.33 की औसत से 516 रन बनाए और टीम की खिताबी जीत में अहम योगदान दिया. इस प्रदर्शन के बाद उनके लिए टीम इंडिया के दरवाजे भी खुल गए.

NewsZebra
NewsZebra
Editor

NewsZebra is a digital entertainment news platform delivering the latest Bollywood and entertainment news with a commitment to accuracy, fairness, and reader trust.