Wed, Oct 28, 2026
🔍 ▶️
Uncategorized

हिजाब विवाद पर उर्फी जावेद बोलीं- मैंने कभी बुर्का नहीं पहना, धर्म का हिजाब से कोई लेना-देना नहीं

कर्नाटक में हिजाब (Hijab Row) को लेकर लंबे समय से बहस छिड़ी हुई है। बॉलिवुड में कंगना रनौत, स्वरा भास्कर, हेमा मालिनी और जावेद अख्तर सहित तमाम सिलेब्स ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी। अब ‘बिग बॉस ओटीटी’ फेम उर्फी जावेद (Urfi Javed) ने भी इस मामले में खुलकर बात की है। उर्फी ड्रेसिंग सेंस को लेकर चर्चा में रहती हैं। वो कई बार अपने अजीबोगरीब कपड़ों की वजह से ट्रोल भी हुई हैं।

उर्फी ने आजतक डॉट इन से बात करते हुए कहा कि महिलाएं जो चाहे वो पहन सकती हैं। इस चीज पर हम किसी की एजुकेशन डिसाइड नहीं कर सकते हैं। हालांकि उर्फी ने ये भी कहा, ‘मैं समझती हूं कि स्कूल का एक कायदा होता है, लेकिन इस देश में धर्म हमेशा से एक संवेदनशील टॉपिक रहा है।’

उर्फी ने कहा कि वो औरतें हिजाब पहनकर कुछ गलत नहीं कर रही हैं। फ्रीडम सभी के लिए है। उन्होंने बोला, ‘सब लोग पर्दा रखने को नीची निगाहों से क्यों देखते हैं! अगर ये किसी पर जबरदस्ती थोपा नहीं गया है तो ये बिल्कुल भी गलत नहीं है। मैंने बचपन से कभी हिजाब नहीं पहना। मेरी मम्मी भी इसे फॉलो नहीं करती हैं। हालांकि, मेरी नानी बुरखा पहनती हैं। मेरे कई रिश्तेदार पहनते हैं। ये उनकी च्वॉइस है।’

टीवी ऐक्ट्रेस ने ये भी कहा कि धर्म का हिजाब से कोई लेना-देना नहीं है। लोग अपने हिसाब से चीजें मोल्ड कर लेते हैं। धर्म की रखवाली भी वैसे लोग कर रहे हैं, जिन्होंने गीता या कुरान कभी नहीं पढ़ी होगी। लोग पहले पढ़कर आएं, फिर ज्ञान दें। वो आगे बोलीं, ‘मुझे भी मेरी कम्युनिटी के लिए लोग बुरा-भला कहते हैं, लेकिन मैं यहां किसी को खुश करने नहीं आई हूं। अगर किसी को फतवा जारी करना है तो कर दे, मुझे फर्क नहीं पड़ता।’

उर्फी जावेद टीवी ऐक्ट्रेस हैं। उन्हें ‘बड़े भैया की दुल्हन’ में अवनी के किरदार के लिए जाना जाता है। इसके अलावा वो ‘मेरी दुर्गा’, ‘बेपनाह’ और ‘पंच बीट सीजन 2’ में भी नजर आ चुकी हैं। उन्होंने ‘बिग बॉस ओटीटी’ सीजन 1 में भी हिस्सा लिया था।

NewsZebra
NewsZebra
Editor

NewsZebra is a digital entertainment news platform delivering the latest Bollywood and entertainment news with a commitment to accuracy, fairness, and reader trust.