Fri, Oct 30, 2026
🔍 ▶️
Uncategorized

ड्रग्स केस में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान से NCB कर रही पूछताछ, 3 लड़कियों समेत 8 हिरासत में..

मुंबई से गोवा जा रहे जहाज में चल रही रेव पार्टी में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे का नाम भी सामने आया है।

खबर है कि एनसीबी की छापेमारी के दौरान बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान का बेटा आर्यन भी हिरासत में लिया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारी उनसे भी पूछताछ कर रहे हैं। इसमें 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिसमें दिल्ली की तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

एनसीबी की छापेमारी के दौरान जहाज से कोकीन के अलावा अन्य तीन तरह के ड्रग्स भी बरामद हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान शाहरुख खान के बेटे आर्यन का कहना है कि उन्होंने पार्टी में शामिल होने के लिए किसी भी तरह का भुगतान नहीं किया था, उन्हें गेस्ट के तौर पर पार्टी में बुलाया गया था।

सूत्रों के मुताबिक, आर्यन ने दावा किया है कि पार्टी में उनके नाम पर कई लोगों को बुलाया गया था। पार्टी में क्या होने वाला था इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। हालांकि, एनसीबी के अधिकारियों ने शाहरुख के बेट आर्यन का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उनके चैट्स खंगाले जा रहे हैं, जिससे रेव पार्टी में आर्यन की भूमिका साफ हो सके।

एनसीबी की छापेमारी में अभी तक आठ नाम सामने आए हैं। इसमें शाहरुख खान का बेटा आर्यन खान भी शामिल है। एनसीबी मुंबई निदेशक समीर वानखेड़े का कहना है कि आर्यन खान के अलावा, अरबाज मर्चेंट, मुनमुन धमेचा, नुपुर सारिका, इसमीत सिंह, मोहक जसवाल, विक्रांत छोकर, गोमित चोपड़ा शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि एनसीबी ने जब जहाज पर छापेमारी की तब उस पर करीब 600 हाईप्रोफाइल लोग सवार थे। सभी लोग पार्टी में शामिल होने के लिए जहाज में सवार हुए थे। पार्टी में शामिल होने के लिए टिकट की कीमत 80 हजार से लेकर दो लाख रुपये तक थी।

दिल्ली की रहने वाली हैं तीनों महिलाएं
एनसीबी की छापेमारी में रेव पार्टी से हिरासत में ली गई तीनों महिलाएं दिल्ली की रहने वाली हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक तीनों महिलाओं को रविवार को मुंबई स्थित एनसीबी ऑफिस लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

NewsZebra
NewsZebra
Editor

NewsZebra is a digital entertainment news platform delivering the latest Bollywood and entertainment news with a commitment to accuracy, fairness, and reader trust.