Fri, Oct 23, 2026
🔍 ▶️
Sports

RCB ने दिया धोनी की टीम को झटका, इस मैच विनर खिलाड़ी को साढ़े तीन गुना कीमत में खरीदा

दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज फाफ डुप्लेसिस पर इस साल सात करोड़ की बोली लगी है। उन्हें आरसीबी की टीम ने खरीदा है। वह विराट कोहली के साथ पारी की शुरुआत करते दिख सकते हैं। डुप्लेसिस ने पिछले सीजन में ऋतुराज गायकवाड़ के साथ ओपनिंग में जबरदस्त बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 16 मैच में 633 रन बनाए थे।

डुप्लेसिस आईपीएल के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल हैं। वो अपनी बल्लेबाजी के अलावा फील्डिंग से भी मैच में फर्क डाल सकते हैं। स्पिन खेलने में भी उन्हें महारत हासिल है और टीम की जरूरत के हिसाब से वह टिककर भी खेल सकते हैं और बाद में विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी कर सकते हैं। प्लेसिस का बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था।

क्या होते हैं मार्की खिलाड़ी ?
मार्की खिलाड़ी वह खिलाड़ी होते हैं, जिन पर ऑक्शन के दौरान सबसे पहले बोली लगाई जाती है। ये खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय होते हैं और अधिकतर टीमें इन्हें खरीदना चाहती हैं। आमतौर पर ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी बड़ा नाम बना चुके होते हैं। आमतौर पर मार्की खिलाड़ियों के ऊपर बड़ी बोली लगती है और नीलामी का सबसे महंगा खिलाड़ी भी इन्हीं में से कोई एक होता है।

आईपीएल में कैसा रहा है प्लेसिस का प्रदर्शन
फाफ डुप्लेसिस 2012 से आईपीएल खेल रहे हैं। हालांकि, वो 2013 में नहीं खेले थे, लेकिन उन्होंने 100 आईपीएल मैचों में 34.94 के औसत से 2935 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 131.08 का रहा है। आईपीएल में उनका सबसे बड़ा स्कोर 96 रन है। वह 22 अर्धशतक लगा चुके हैं। आईपीएल में पिछले तीन सीजन से प्लेसिस तीन सौ से ज्यादा रन बना रहे हैं। वह आईपीएल में जब भी खेले हैं तब उन्होंने तीन सौ से ज्यादा रन बनाए हैं। सिर्फ 2018 में वह ऐसा नहीं कर पाए थे। इस सीजन में उन्होंने छह मैचों में 162 रन बनाए थे।

NewsZebra
NewsZebra
Editor

NewsZebra is a digital entertainment news platform delivering the latest Bollywood and entertainment news with a commitment to accuracy, fairness, and reader trust.