Sun, Oct 25, 2026
🔍 ▶️
Sports

क्लास बंक कर क्रिकेट खेलने जाते थे शाहबाज अहमद, IPLऑक्शन में हुई पैसों की बरसात, इस टीम ने मारी बाजी

IPLऑक्शन में शाहबाज अहमद को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2.40 करोड़ रुपये अपने साथ जोड़ा है. पिछले साल भी वह बेंगलुरु की ओर से खेले थे और उन्हें 20 लाख ही सैलरी मिलती थी. . वहीं घरेलू टूर्नामेंट में वह बंगाल की ओर से खेलते हैं. शाहबाज हरियाणा के मेवात जिले के सिकरावा गांव के रहने वाले हैं.

उनके पिता अहमद जान हरियाणा में SDM के रीडर हैं. उन्होंने कहा कि बेटे ने अपने करियर को लेकर जो भी फैसला किया, वह सही है.
‘मैं चाहता था कि वह इंजीनियर बने. इसलिए फरीदाबाद के मानव रचना इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग में एडमिशन कराया. शाहबाज की बहन डॉक्टर है. मैं चाहता था कि वह अभी इंजीनियर बनकर नौकरी करे. पर अब मुझे लगता कि खेल में भी मेहनत करके करोड़पति बना जा सकता है.’

क्लास बंक करके जाते थे क्रिकेट खेलने
उन्होंने बताया, ‘एक बार मुझे यूनिवर्सिटी से पत्र मिला, कि शाहबाज क्लास में नहीं आते हैं. मुझे पता चला कि शाहबाज इंजीनियरिंग की पढ़ाई से बंक मारके क्रिकेट खेलने के लिए जाते हैं. तब मैंने शाहबाज से कहा कि वे पढ़ाई या क्रिकेट में से किसी एक को चुनें, लेकिन जो भी चुनें उस पर फोकस करें. तब शाहबाज ने क्रिकेट को चुना और उसी पर फोकस करने की ठान ली.’

इसके बाद वे गुड़गांव में तिहरी स्थित क्रिकेट एकेडमी जाने लगे. वहां कोच मंसूर अली ने उन्हें ट्रेनिंग दी. हालांकि, शाहबाज ने पढ़ाई भी जारी रखी और अपनी इंजीनियरिंग पूरी की.

दोस्त की सलाह पर बंगाल गए फिर बना करियर
शाहबाज के पिता ने बताया कि ग्रेजुएशन के बाद उनके दोस्त प्रमोद चंदीला उन्हें क्रिकेट खेलने के लिए बंगाल लेकर गए. चंदीला भी बंगाल में क्लब क्रिकेट खेलते हैं. शाहबाज को वहां के घरेलू टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने पर 2018-19 में बंगाल रणजी टीम में जगह मिली.
उसके बाद 2019-20 में उनका चयन इंडिया ए टीम में हुआ. इसके बाद 2020 IPLऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शाहबाज को 20 लाख में खरीदा. हालांकि, उन्हें UAE में दो मैच ही खेलने का मौका मिला था.

NewsZebra
NewsZebra
Editor

NewsZebra is a digital entertainment news platform delivering the latest Bollywood and entertainment news with a commitment to accuracy, fairness, and reader trust.