Fri, Oct 23, 2026
🔍 ▶️
Sports

सुनील नरेन BPL में उड़ाया गर्दा, 5 चौके 5 छक्के लगाकर खेली विस्फोटक पारी, अंतिम गेंद पर टीम बनी चैंम्पियन

रोमांच का चरम क्या हो सकता है, यह शुक्रवार को मीरपुर में देखने को मिला. बांग्लादेश प्रीमियर लीग के फाइनल में कोमिला विक्टोरियंस को महज 1 रन से जीत मिली. विक्टोरियंस टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 151 रन बनाए. इसके जवाब में फॉर्च्युन बारिशल टीम 8 विकेट खोकर 150 रन बना सकी. कोमिला टीम ने तीसरी बार बीपीएल खिताब जीता. टीम से खेल रहे वेस्टइंडीज के स्टार ऑलराउंडर सुनील नरेन ने इस मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया और 23 गेंदों की अपनी पारी में 5 चौके और 5 छक्के जड़े जिन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया.

मीरपुर में शुक्रवार शाम खेले गए इस टी20 मैच में 33 साल के सुनील नरेन ओपनिंग के लिए उतरे. उन्होंने तूफानी अंदाज में खेलते हुए 57 रन बनाए. उन्होंने 3 ओवर में ही 40 रन जोड़ दिए थे जिसमें लिटन दास का योगदान केवल 4 रन का था. उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के जड़े यानी 10 गेंदों पर ही 50 रन ठोक दिए. उन्होंने 21 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया. यह उनके टी20 करियर का 11वां अर्धशतक रहा. इससे पहले सेमीफाइनल में उन्होंने सिर्फ 13 गेंद पर अर्धशतक जड़ा था.

कोमिला विक्टोरियंस के कप्तान इमरुल कायेस ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया. सुनील नरेन ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई. हालांकि नरेन के अलावा मोईन अली ही जमकर खेल सके. उन्होंने 32 गेंदों पर 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 38 रन का योगदान दिया. फॉर्च्युन टीम के लिए मुजीब उर रहमान और शफीकुल इस्लाम ने 2-2 विकेट लिए. ड्वेन ब्रावो, शाकिब अल हसन और मेहदी हसन मिराज को 1-1 विकेट मिला.

अंतिम ओवर का रोमांच
फॉर्च्युन टीम को अंतिम ओवर में जीत के लिए 10 रन की जरूरत थी. कप्तान शाकिब अल हसन ने शोहिदुल इस्लाम को अंतिम ओवर करने के लिए गेंद थमाई. पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना लेकिन अगली 2 गेंदों पर 2 रन बने. अंतिम 3 गेंदों पर 8 रन की जरूरत थी और चौथी गेंद वाइड रही. फिर तौहिद ने दौड़कर 2 रन पूरे किए जिससे 2 गेंदों पर 5 रन चाहिए थे. 5वीं गेंद पर तौहिद ने हवाई शॉट लगाया लेकिन तनवीर कैच नहीं लपक सके. अंतिम गेंद पर 3 रन की जरूरत लेकिन मुजीब रन आउट हो गए और कोमिला विक्टोरियंस टीम चैंपियन बन गई.

नरेन के नाम 176 छक्के
वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर सुनील नरेन का टी20 में प्रदर्शन बेहतरीन है. खास बात है कि वह पहले गेंद से ही कमाल दिखाते थे लेकिन उन्हें आईपीएल में ओपनिंग की जिम्मेदारी दी गई. सुनील नरेन ने अभी तक 391 टी20 मैच खेले हैं और कुल 2926 रन बनाने के साथ-साथ 429 विकेट भी लिए हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने 51 टी20 मैचों में कुल 52 विकेट लिए और 155 रन भी बनाए. वे अब तक 280 चौके और 176 छक्के जड़ चुके हैं. वह 400 विकेट लेने वाले चुनिंदा गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हैं.

KKR फैंस भी खुश
सुनील नरेन के शानदार प्रदर्शन से आईपीएल टीम कोलकाता नाइटराइडर्स के फैंस भी खुश हैं. केकेआर ने आईपीएल ऑक्शन से पहले सुनील को 6 करोड़ रुपए में रीटेन किया था. टीम पिछले सीजन में आईपीएल के फाइनल में भी पहुंची थी, हालांकि तब चेन्नई सुपर किंग्स से उसे हार झेलनी पड़ी. केकेआर ने आगामी सीजन के लिए श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया है जो दिल्ली टीम के लिए भी यह जिम्मेदारी संभाल चुके हैं

NewsZebra
NewsZebra
Editor

NewsZebra is a digital entertainment news platform delivering the latest Bollywood and entertainment news with a commitment to accuracy, fairness, and reader trust.