Fri, Oct 23, 2026
🔍 ▶️
Sports

IPL में नहीं मिला मौका तो ढाका प्रीमियर लीग में मचाया गदर, इस भारतीय धुरंधर ने ठोका तूफानी शतक

आईपीएल 2022 के शुरू होने से पहले मेगा ऑक्शन किया गया था, जिसके दौरान भारतीय टीम के उभरते हुए खिलाड़ियों में से एक हनुमा विहारी को कोई भी खरीदार नहीं मिला और वह अनसोल्ड ही रह गए थे. जिसके बाद अब यह दाएं हाथ का बल्लेबाज़ ढाका प्रीमियर लीग में अपने बल्ले से जलवे बिखेरता नज़र आ रहा है और लगातार ही शानदार प्रदर्शन कर रहा है. हनुमा विहारी ने डीपीएल में खेलते हुए पिछली तीन इनिंग में 216 रन बटोरे हैं.

हनुमा विहारी बीते समय में भारतीय टीम के लिए संकटमोचन बनकर सामने आए है. इस बल्लेबाज़ ने टेस्ट क्रिकेट में कई अहम मौकों पर भारतीय टीम को जीत दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और अब वह ढाका प्रीमियर लीग में भी ऐसा ही करते नज़र आ रहे हैं. हनुमा विहारी ने अबहानी लिमिटेड के लिए बल्लेबाज़ी करते हुए पिछली तीन इनिंग में 45, 112* और 59 रनों की पारी खेली है.

बता दें कि हनुमा विहारी एकलौते ऐसे भारतीय खिलाड़ी नहीं हैं जो ढाका प्रीमियर लीग में खेल रहे हैं. हनुमा विहारी के अलावा अभिमन्यु ईश्वरन, परवेज रसूल, बाबा अपराजित, अशोक मेनारिया, चिराग जानी और गुरिंदर सिंह भी ढाका प्रीमियर लीग के लिए साइन किए गए हैं. गौरतलब है कि इस टूर्नामेंट में पहले भी कई भारतीय खिलाड़ियों ने शिरकत की है, जिनमें दिनेश कार्तिक, मनोज तिवारी और युसूफ पठान जैसे खिलाड़ियों का नाम भी शामिल है.

हनुमा विहारी ने भारतीय टीम के लिए हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में लगभग 42 की औसत से बल्लेबाजी करते हुए 124 रन बनाए थे. भारतीय टीम ने उस सीरीज को 2-0 से जीतते हुए श्रीलंका को व्हाइटवॉश किया था.

NewsZebra
NewsZebra
Editor

NewsZebra is a digital entertainment news platform delivering the latest Bollywood and entertainment news with a commitment to accuracy, fairness, and reader trust.