Sun, Oct 25, 2026
🔍 ▶️
Sports

VIDEO: गेंदबाजी करने उतरे बाबर आज़म, 93 रन पर खेल रहे बल्लेबाज को फिरकी में फांसकर किया बोल्ड

पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच कराची टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों ने पाकिस्तानी गेंदबाज़ों की अच्छे से पिटाई की है। मैच का दूसरा दिन खत्म होने तक कंगारू टीम ने आठ विकेटों के नुकसान पर 505 रन बना लिए हैं, जिस वज़ह से मेज़बान टीम के गेंदबाज़ घुटने टेकते नज़र आए हैं। लेकिन इसी बीच पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म ने ऐसा कारनामा करके दिखाया जिस वज़ह से ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज़ एलेक्स कैरी का दिल और सपना दोनों टूट चुका है।

पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज़ और कप्तान बाबर आज़म अपनी शानदार बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में उन्होंने गेंदबाज़ी से भी जलवे बिखेरे। दरअसल बाबर आज़म ने कंगारू टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज़ एलेक्स कैरी को बोल्ड करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया है, जिस वज़ह से अब सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

बाबर आज़म ने अपने तीसरे ओवर की आखिरी बॉल पर ऑस्ट्रेलिया के सेट बल्लेबाज़ एलेक्स कैरी को बोल्ड करते हुए अपने इंटरनेशनल करियर का पहला विकेट हासिल किया। एलेक्स कैरी ने आउट होने से पहले 93 रनों की शानदार पारी खेली लेकिन इसके बावजूद उनका दिल और सपना दोनों टूट गया क्योंकि एलेक्स कैरी अपने शतक से महज़ सात रनों की दूरी पर थे और अगर वह ऐसा कर पाते तो ये उनके करियर का पहला शतक होता। हालांकि बाबर आज़म ने ऐसा होने नहीं दिया और कैरी को निराश ही पवेलियन लौटना पड़ा।

बता दें कि रावलपिंडी टेस्ट ड्रॉ होने के बाद अब कराची टेस्ट भी ड्रॉ होता नज़र आ रहा है, क्योंकि इस पिच पर दो दिनों का खेल खत्म हो चुका है, लेकिन अभी भी ऑस्ट्रेलिया की टीम (पहली इनिंग) बल्लेबाज़ी करती नज़र आ रही है। तीसरे दिन का खेल शुरू होने पर मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस की जोड़ी मैदान पर मेहमान टीम के बल्लेबाज़ी करती नज़र आएगी।

NewsZebra
NewsZebra
Editor

NewsZebra is a digital entertainment news platform delivering the latest Bollywood and entertainment news with a commitment to accuracy, fairness, and reader trust.